लखनऊ विभूतिखंड थाना क्षेत्र स्थित अर्बन डोर इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड के कार्यालय में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सफल अनावरण कर लिया। इस मामले में पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से चोरी किए गए दो एलईडी मॉनिटर तथा वारदात में प्रयुक्त एक इलेक्ट्रिक ऑटो वाहन बरामद किया गया है।घटना 7 मार्च 2025 को घटी थी, जब चोरों ने कार्यालय के पीछे का दरवाजा तोड़कर भीतर प्रवेश किया और दो कंप्यूटर मॉनिटर चोरी कर ले गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज किया और जांच शुरू की। इलेक्ट्रॉनिक और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने लोहिया फैकल्टी आवास के पीछे से दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान आशीष कुमार रावत (21), निवासी हुसैनगंज, लखनऊ और सुधीर यादव (19), निवासी जियामऊ, थाना गौतमपल्ली, लखनऊ के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला कि दोनों शातिर चोर हैं, जो बंद मकानों और कार्यालयों को निशाना बनाते हैं। मौका पाकर वे कीमती सामान चुराकर बेचते हैं और उससे नशे की लत पूरी करते हैं।पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है और आगे की जांच जारी है। इस कार्रवाई से विभूतिखंड क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने में सफलता मिली है।