बस्ती: महिला अधिवक्ता से दुर्व्यवहार का वीडियो वायरल होने पर आरोपित पुलिसकर्मी को लाइन हाजिर कर दिया गया है। आरोपित पुलिसकर्मी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग को लेकर विश्व हिंदू महासभा के साथ कुछ अधिवक्ता भी थाना परिसर में धरना पर बैठ गए हैं। सोनहा थाना क्षेत्र के अमरौली शुमाली टोला रामनगर निवासी अरविंद कुमार चौधरी व ध्रुवचंद यादव का गांव के ही अनूप लाल व अखिलेंद्र श्रीवास्तव से भूमि विवाद चल रहा है। अरविंद चौधरी पक्ष द्वारा विवादित भूमि पर रखे टीन शेड में मवेशी लाकर बांध दिया गया। रविवार की सुबह जब इस बात की जानकारी दूसरे पक्ष को हुई तो अखिलेंद्र द्वारा इसकी शिकायत डायल 112 से कर दी गई। आरोप है कि मौके पर पहुंचे डायल 112 के पुलिसकर्मियों ने गालियां बकनी शुरू कर दिया। घटना का वीडियो बनाने पर उनके द्वारा अरविंद चौधरी की अधिवक्ता पुत्री के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया। इस घटना का वीडियो कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसका संज्ञान लेते हुए आरोपित पुलिसकर्मी अरुण कुमार को लाइन हाजिर कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही विश्व हिंदू महासंघ के जिलाध्यक्ष अखिलेश सिंह अपने साथियों के साथ थाने पर पहुंच गए और आरोपित पुलिसकर्मी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग को लेकर धरना पर बैठ गए। धरना समाप्त कराने के लिए पुलिस द्वारा उनसे वार्ता की जा रही है। वहीं शांति भंग की आशंका में पुलिस ने एक पक्ष के अखिलेंद्र व दूसरे पक्ष के दिलीप, ध्रुवचंद एवं अरविंद कुमार का चालान कर उपजिलाधिकारी न्यायालय भेज दिया गया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी रुधौली स्वर्णिमा सिंह ने बताया कि आरोपित पुलिसकर्मी को लाइन हाजिर कर दिया गया है। शांति भंग के आरोप में चार लोगों का चालान भी किया गया है।