लखनऊ( वसुधैव कुटुंबकम की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश संस्कृति विभाग और भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद के संयुक्त तत्वावधान में 22-23 फरवरी को प्रयागराज में अंतर्राष्ट्रीय नृत्य और संगीत महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस भव्य आयोजन में भारत समेत 11 देशों के कलाकार अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समृद्ध कला और परंपराओं का प्रदर्शन करेंगे। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे।मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि यह महोत्सव भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और गौरवशाली इतिहास को वैश्विक मंच पर साझा करने का एक महत्वपूर्ण अवसर होगा। इसके तहत 19 फरवरी को अंतर्राष्ट्रीय कलाकार लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान स्थित जुपिटर हॉल में पूर्वाभ्यास करेंगे और 20 फरवरी को वहीं अपनी प्रस्तुति देंगे। इसके बाद 22-23 फरवरी को प्रयागराज में महाकुंभ के दौरान गंगा पंडाल सहित अन्य मंचों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी।इस महोत्सव में भारत के अलावा दक्षिण अफ्रीका, मंगोलिया, वियतनाम, फीजी, मलेशिया, किर्गिस्तान, रूस, रवांडा, बांग्लादेश और मालदीव के कलाकार अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी समृद्ध परंपराओं और धार्मिक आस्थाओं को उजागर करेंगे। यह महोत्सव विभिन्न देशों की कला शैलियों और संगीत परंपराओं को साझा करने के साथ-साथ वैश्विक सांस्कृतिक विविधता को समझने और सराहने का अवसर प्रदान करेगा।भारत सदियों से सत्य, अहिंसा, प्रेम, करुणा और आपसी सौहार्द का संदेश देता आया है। इस अंतर्राष्ट्रीय महोत्सव में भाग लेने वाले देशों को एक-दूसरे की कला और संस्कृति को नजदीक से जानने का अवसर मिलेगा, जिससे वैश्विक सद्भाव और शांति को बढ़ावा मिलेगा।