बस्ती: प्रदेश में चल रही 60 हजार पुलिस आरक्षियों की भर्ती प्रक्रिया के पूरी होते ही अगले माह से नए रिक्रूट को जनपद स्तर प्रशिक्षण देने की तैयारी भी शुरू हो गई है। बस्ती पुलिस लाइन में भी आरक्षियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। पुलिस लाइन में इसको लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। सिपाहियों की भर्ती की प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में है। फिजिकल टेस्ट यानी रेस पूरी होने के बाद सफल अभ्यर्थियों की मैरिट लिस्ट तैयार होगी और इसके बाद रिजल्ट जारी किया जाएगा। रिजल्ट घोषित होते ही इनकी ट्रेनिंग की बारी आएगी। हर जिले को सिपाही ट्रेनिंग का कोटा तय कर दिया गया है। बस्ती जनपद में जेटीसी के 720 रिक्रूट और आरटीसी के 200 आरक्षी दस माह की ट्रेनिंग लेंगे। पुलिस भर्ती बोर्ड ने सिपाहियों की ट्रेनिंग के लिए इस बार काफी सख्त मानक तय किए हैं। हर जिले में आरटीसी की यह जिम्मेदारी होगी। ऐसे में जनपद के पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन ने अभी से रिक्रूट की ट्रेनिंग के लिए तैयारियां शुरू करा दी हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक, व डिप्टी एसपी की ड्यूटी लगाई गई। इसका सुपरविजन खुद एसपी करेंगे। ट्रेनिंग को पूरी तरह से प्रोफेशनल रखने के लिए आरटीसी एरिया को बाकी पुलिस लाइन से सेपरेट किया जाएगा। ताकि पुलिस लाइन के रूटीन कामकाज का आरटीसी पर फर्क न पड़े।