जितेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर*: सेमरियावा ब्लॉक के देवरिया नासिर गांव में चौमुखी विकास के बाद अब शिक्षा के क्षेत्र में सुधार की पहल की जा रही है। ग्राम प्रधान सुलेमान चौधरी ने गांव में प्राथमिक विद्यालय की आवश्यकता को देखते हुए जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर को पत्र सौंपा। उन्होंने कहा कि गांव के बच्चों को पढ़ाई के लिए तीन किलोमीटर दूर जाना पड़ता है, जिससे उन्हें कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
ग्राम प्रधान सुलेमान चौधरी ने बताया कि गांव में पानी, सड़क, शौचालय और साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था हो चुकी है, लेकिन शिक्षा के अभाव में ग्रामीणों को बड़ी परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि गांव को शिक्षा से जोड़ना उनकी प्राथमिकता है, ताकि बच्चों का भविष्य उज्ज्वल हो सके।
इस मामले पर जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने ग्राम प्रधान को आश्वासन दिया कि जल्द ही गांव में प्राथमिक विद्यालय की स्थापना की जाएगी, जिससे बच्चों को शिक्षा के लिए दूर न जाना पड़े।
गांव के लोगों ने भी इस पहल की सराहना की और जिलाधिकारी से जल्द से जल्द विद्यालय खोलने की मांग की है।