बरदहिया में किरण किन्नर का 25 लाख का मकान जब्त

 

-गैंगस्टर, हत्या प्रयास के आरोपित किन्नर पर हुई कार्रवाई से जनपद में खलबली मची

संतकबीर नगर: गोरखपुर जनपद के सहजनवां व कोतवाली खलीलाबाद थाने के अलावा खलीलाबाद तहसील प्रशासन की संयुक्त टीम बुधवार को बरदहिया में पहुंची। खलीलाबाद के नायब तहसीलदार की उपस्थिति में गैंगस्टर एक्ट की आरोपित किरण किन्नर का मकान जब्त कर लिया। इसकी अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये है। इस कार्रवाई से देर शाम तक खलबली मची रही।

खलीलाबाद तहसील की नायब तहसीलदार प्रियंका तिवारी ने बताया कि किरण किन्नर पर गोरखपुर जनपद के सहजनवां थाना में गैंगस्टर एक्ट,हत्या के प्रयास सहित अन्य धारा में मुकदमा दर्ज है। अपराध के जरिए उसने अवैध संपत्ति अर्जित की है। कोतवाली खलीलाबाद के बरदहिया बाजार में स्थित अवैध संपत्ति से निर्मित एक मकान को राजस्व टीम व सहजनवां के थानाध्यक्ष विशाल उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस टीम की मौजूदगी में संपत्ति जब्त की गयी है। इसकी अनुमानित कीमत लगभग 25 लाख रुपये है। इस कार्रवाई के दौरान गोरखपुर जनपद के सहजनवां थाना के वरिष्ठ उप निरीक्षक पंकज सिंह, उप निरीक्षक वीरेंद्र बहादुर सिंह, उप निरीक्षक सुरेश यादव, मुख्य आरक्षी पारस कुमार, आरक्षी गोविंद यादव, राहुल प्रसाद, महिला आरक्षी अमृता सिंह व पीनल सिंह तथा कोतवाली खलीलाबाद के प्रभारी सतीश कुमार सिंह शामिल रहे।