महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या । स्थानीय राजकीय श्री राम अस्पताल में भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का पर्व अत्यंत हर्षोल्लास और भव्यता के साथ मनाया गया। प्रशासनिक अधिकारी वाई.पी. सिंह के मुख्य संयोजन में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान व उत्सव ने अस्पताल परिसर का माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्री कृष्ण की विधिवत पूजा-अर्चना और भव्य आरती के साथ हुई। इस पावन अवसर पर अस्पताल परिसर को आकर्षक फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से बेहद सुंदर ढंग से सजाया गया था। समारोह में अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) डॉ. अजय भास्कर विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों और उनके जीवन दर्शन पर प्रकाश डालते हुए सभी को जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उनके साथ अस्पताल के समस्त चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ और अन्य प्रशासनिक कर्मियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और उत्सव का आनंद उठाया। मध्य रात्रि को जैसे ही भगवान के जन्मोत्सव का समय हुआ, पूरा अस्पताल परिसर ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारों और पारंपरिक भजनों की गूंज से सराबोर हो गया। इस दौरान उपस्थित चिकित्सकों व कर्मियों ने एक-दूसरे को बधाई दी और प्रसाद ग्रहण किया। इस गरिमामयी आयोजन ने अस्पताल के स्टाफ और मरीजों के बीच एक सकारात्मक और पारिवारिक सौहार्द का माहौल स्थापित किया।