लखनऊ में आयोजित प्रादेशिक फल, शाकभाजी और पुष्प प्रदर्शनी-2025 में उद्यान प्रेमियों की जबरदस्त सहभागिता

लखनऊ, राजभवन में आयोजित होने वाली तीन दिवसीय प्रादेशिक फल, शाकभाजी और पुष्प प्रदर्शनी-2025 के तहत लखनऊ के विभिन्न वर्गों के उद्यानों और गृहवाटिकाओं की प्रतियोगिता हुई। इसमें लखनऊ के उद्यान प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में उद्यान विभाग, सेना, रेलवे, पीएसी मुख्यालय, पुलिस महानिदेशक, मेट्रो रेल कारपोरेशन, नगर निगम, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास एवं विकास परिषद, टाटा मोटर्स और व्यक्तिगत उद्यान प्रेमियों ने भाग लिया। साथ ही, शहर के प्रमुख ऐतिहासिक स्थल जैसे बड़ा इमामबाड़ा, छोटा इमामबाड़ा, सहादत अली खान का मकबरा आदि के उद्यानों की भी प्रतियोगिता में कुल 212 प्रविष्टियाँ प्राप्त हुईं।प्रतियोगिता में आई सभी प्रविष्टियों की जजिंग 01 और 02 फरवरी 2025 को उद्यानिकी से जुड़े भारत सरकार के संस्थानों और प्रदेश के उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के सेवानिवृत्त विषय विशेषज्ञों द्वारा की गई। विभिन्न वर्गों की प्रतियोगिताओं के परिणाम 09 फरवरी 2025 को घोषित किए जाएंगे, और विजेताओं को उसी दिन अपराह्न 03ः00 बजे राजभवन प्रांगण में सम्मानित किया जाएगा।संयुक्त निदेशक उद्यान और नोडल अधिकारी, प्रादेशिक फल, शाकभाजी और पुष्प प्रदर्शनी डॉ. सर्वेश कुमार ने बताया कि 06 फरवरी 2025 को राजभवन प्रांगण में गमलों में लगी शाकभाजी, शोभाकार पत्तियां और फूल वाले पौधों की प्रतियोगिता होगी। साथ ही, फल, शाकभाजी, पान, शहद, मशरूम आदि तथा अन्य कलात्मक पुष्प सज्जा और फोटोग्राफी प्रतियोगिता का आयोजन भी होगा, और उसी दिन जजिंग की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।इस वर्ष भी सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले विजेता को व्यक्तिगत वर्ग के लिए क्रमशः 51 हजार रुपये, 31 हजार रुपये और 11 हजार रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी, जबकि प्रदर्शनी का सर्वोत्तम प्रदर्शन करने वाले को 11 हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्यमंत्री जी द्वारा 07 फरवरी 2025 को प्रातः 11:00 बजे किया जाएगा, और इसके बाद प्रदर्शनी आम जनता के लिए खोल दी जाएगी।