लखनऊ में ट्रक से चोरी करने वाले गैंग का पर्दाफाश, चार गिरफ्तार

पुलिस कमिश्नरेट के जोन-दक्षिणी अंतर्गत थाना बन्थरा और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने खड़े ट्रकों से तिरपाल काटकर माल चोरी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। टीम ने चार शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का माल, जिसमें फार्चून कच्ची घानी सरसों का तेल और ₹1,15,500 नकद शामिल हैं, बरामद किया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल डीसीएम वाहन (UP71T3366) भी जब्त किया है।घटनाएं 1-2 जनवरी 2025 की मध्य रात्रि और 3 जनवरी को ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में हुई थीं, जब ट्रकों से तेल चोरी की शिकायतें दर्ज की गई थीं। पुलिस ने दोनों घटनाओं के मामलों को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।तकनीकी और मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर, पुलिस ने कटिबगिया क्षेत्र में छापा मारकर अभियुक्त रुखसार अहमद, नसीम अहमद, अरुण कोटार्य और सचिन चौरसिया को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि ये चोर गिरोह चोरी किए गए तेल को सस्ते दामों पर बेचता था।पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह के सदस्यों पर पहले से ही कई मुकदमे दर्ज हैं। गिरोह के एक फरार सदस्य तपन कुमार केसरवानी की तलाश की जा रही है। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और जल्द ही फरार अभियुक्त को भी गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।