लखनऊ के विकासनगर थाना क्षेत्र में स्थित “रेस्तरां/कैफे LA ESSENTIA” में अवैध रूप से संचालित हुक्का बार पर पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गुलाचीन मंदिर के पास स्थित इस कैफे की तीसरी मंजिल पर हुक्का बार चलाया जा रहा है।मौके पर छापा मारते हुए पुलिस ने 16 हुक्के बरामद किए, जिनमें से 9 चालू हालत में और 7 अर्ध-चालू हालत में पाए गए। इसके अतिरिक्त, हुक्का बार से ₹28,500 की नगदी भी जब्त की गई।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। इनमें हर्ष वर्धन सिंह, राहुल, प्रांजल सिंह, और रमन सिंह शामिल हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों में से दो का स्थाई पता बलरामपुर के महराजगंज तराई क्षेत्र का है।पुलिस के अनुसार, हुक्का बार संचालक लोगों को लाइसेंस का झांसा देकर नशीले फ्लेवर वाले हुक्के परोसते थे। मुख्य संचालक अमृत सिंह आनंद मौके से फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं।इस पूरी कार्रवाई में विकासनगर थाने के थानाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह और उनकी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।