युवा कल्याण विभाग द्वारा राज्य स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन

लखनऊ)। युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल विभाग द्वारा तीन दिवसीय राज्य स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन 03 से 05 जनवरी, 2025 तक लखनऊ स्थित युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल मुख्यालय पर किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में प्रदेश के समस्त 18 मण्डलों के जनपदों से 600 विजयी कलाकार विभिन्न विधाओं में अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे, जिनमें लोकनृत्य, लोकगीत, साइंस मेला, पोस्टर मेकिंग, कविता लेखन, फोटोग्राफी, सम्भाषण, कहानी लेखन और युवा कृति (हैण्डीक्राफ्ट, टेक्सटाइल, एग्रो प्रोडक्ट श्रेणी) शामिल हैं।उत्सव का उद्घाटन खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चन्द्र यादव और प्रमुख सचिव, युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल आलोक कुमार-2 द्वारा परिकल्प भवन, सिंचाई विभाग, तेलीबाग, लखनऊ में किया गया। इस दौरान सचिव/महानिदेशक, युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल सुहास एल0वाई0 भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारम्भ मां सरस्वती और स्वामी विवेकानन्द की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। कार्यक्रम में जनपद उन्नाव के ध्रुपद गायक अक्षत शुक्ला और प्रयागराज की टीम द्वारा धेड़िया नृत्य प्रस्तुत किया गया।इस अवसर पर खेल मंत्री ने प्रदेश के कलाकारों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए मण्डल स्तरीय प्रतियोगिताओं के विजेता कलाकारों को बधाई दी और युवा कल्याण विभाग के प्रयासों की सराहना की। सचिव सुहास एल0वाई0 ने आए हुए कलाकारों को अपनी कला और प्रतिभा को उच्चतम स्थान तक पहुंचाने का आह्वान किया।युवा महोत्सव 2025 के अंतर्गत, “विकसित भारत चौलेंज” के विभिन्न चरणों जैसे क्विज़, निबंध लेखन, विजन पिच प्रेजेंटेशन में लखनऊ विश्वविद्यालय के सहयोग से राज्य स्तर पर चयनित युवा “विकसित भारत युवा नेता संवाद” में राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। राज्य स्तरीय युवा उत्सव के विजेता कलाकार स्वामी विवेकानन्द जी की जयन्ती 12 जनवरी 2025 को भारत मण्डपम, नई दिल्ली में आयोजित 28वें राष्ट्रीय युवा उत्सव में प्रतिभाग करेंगे और उन्हें प्रधानमंत्री से संवाद का अवसर मिलेगा।इस कार्यक्रम में प्रदेश के समस्त मंडलों के प्रतिभागियों के साथ-साथ युवा कल्याण विभाग के संयुक्त निदेशक अशोक कुमार कनौजिया, उप निदेशक अजात शत्रु शाही, मेघना सोनकर, संजय सिंह, अजय कुमार त्रिवेदी, विवेक चंद्र श्रीवास्तव, आदित्य कुमार, मनोज कुमार एवं प्रदेश के जनपदों के जिला युवा कल्याण अधिकारी और क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी उपस्थित रहे।