वीआईपी के लिए सफेद, अखाड़े के लिए केसरिया और संस्थाओं को जारी किया जा रहा पीला पास
मीडिया के लिए आसमानी, पुलिस के नीला और आपातकाल सेवाओं के लिए लाल रंग का पास निर्धारित
महाकुम्भनगर। महाकुम्भ में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगम व्यवस्था और सुरक्षा के लिए छह रंग के ई-पास जारी किए जा रहे हैं। पुलिस से लेकर अखाड़े और वीआईपी तक के लिए अलग-अलग रंग के ई-पास जारी किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए सभी जरूरी इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं। कैटेगरी के आधार पर कोटा निर्धारित किया जा रहा है। देश विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए इस लिहाज से विभागीय स्तर पर नोडल अधिकारी भी नामित किए जा रहे हैं।
उच्च न्यायालय, वीआईपी, विदेशी राजदूत, विदेशी नागरिक और अप्रवासीय भारतीयों के साथ केंद्र, राज्य के विभाग के लिए सफेद रंग का ई-पास जारी किया जा रहा है। अखाड़ों और संस्थाओं को केसरिया रंग का ई-पास प्रदान किया जा रहा है। वहीं, कार्यदायी संस्थाओं, वेंडर, फूड कोर्ट और मिल्क बूथ के लिए पीले रंग का ई-पास जारी किया जा रहा है। मीडिया को आसमानी, पुलिस बल को नीला और आपातकालीन और आवश्यक सेवाओं के लिए लाल रंग का ई-पास प्रदान किया जा रहा है।
महाकुम्भ के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अफसरों को स्पष्ट निर्देश है कि देश दुनिया के कोने-कोने से आने वाले एक भी श्रद्धालु को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए। इसी के मद्देनजर मेला प्राधिकरण की ओर से सभी सेक्टर में वाहन पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। निकटतम पार्किंग तक पहुंचाने के लिए सभी विभागों, कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधियों के वाहनों के ई-पास जारी किए जाने हैं। वाहनों के पास के लिए कैटेगरी के आधार पर कोटा निर्धारित किया गया है, जिसके अनुरूप वाहन पास के अनुमोदन के लिए प्रत्येक विभाग के स्तर से नोडल अधिकारी नामित किया जा रहा है। उनकी संस्तुति के आधार पर ही वाहन पास के लिए जरूरी सभी विवरण ऑनलाइन भरकर सबमिट किए जा रहे हैं।