मारने पीटने, तोड़फोड़ करने, जेब में रखा पांच हजार रूपया निकाल लेने का आरोप

 

बस्ती । मुण्डेरवा थाना क्षेत्र के सिकराखुर्द निवासी छत्रशाल पाण्डेय ने गांव निवासी पांच लोगों पर मारने पीटने, टैम्पो को तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर देने, जेब में रखा पांच हजार रूपया निकाल लेने का आरोप लगाया है। उसके अनुसार वह अपने ड्राइवर के साथ अपना टैम्पो चलवाकर गेल्हापार से वापस घर आ रहा था। सिकरा खुर्द में उसके खेत के पास गांव निवासी नन्दलाल, रंगीलाल, लालजी, विशाल, राज नशे में धुत होकर सड़क घेर कर बैठे थे। जब उसने सड़क से हटने के लिए अपने टैम्पो का हार्न बजाया तो वे उसे गाली देने लगे, गाली देने से मना करने पर उसे और उसके ड्राइवर को मारा पीटा, गाड़ी का शीशा, लाईट लाठी से मारकर फोड दिया, टैम्पो की शीट, पर्दा फाड़ दिया, उसकी जेब में रखा पांच हजार रूपया भी निकाल लिया। जान बचाने के लिए वह घर पर भागा तो आरोपी वहां भी पहुंच गए, जान से मारने की धमकी देते हुए घर में रखे सामान को भी तोड़फोड़ दिया। 18 सितम्बर को हुई इस घटना में पुलिस को तहरीर दी गई, लेकिन उसका मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। इसके बाद उसने कोर्ट की शरण लिया। कोर्ट के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।