जांच अवधि तक तीन मोटर ट्रेनिंग स्कूलों के प्रमाण पत्र पर रोक लगाने की मांग
जारी है प्रमाण-पत्र और 5 ए फार्म का वितरण-महेन्द्र श्रीवास्तव
बस्ती 28 अक्टूबर : ऑटो रिक्शा जन कल्याण समिति के जिला संरक्षक महेन्द्र श्रीवास्तव ने मांग किया है कि जब तक जिले में आशा मोटर ट्रेनिंग स्कूल, प्रशांत मोटर ट्रेनिंग स्कूल और अवध मोटर ट्रेनिंग स्कूलों की जांच चल रही है, प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र और 5 ए फार्म के वितरण की प्रक्रिया पर रोक लगा दिया जाय।
प्रेस को जारी विज्ञप्ति के माध्यम से ऑटो रिक्शा जन कल्याण समिति के जिला संरक्षक महेन्द्र श्रीवास्तव ने बताया कि जनपद में मोटर ट्रेनिंग स्कूलों द्वारा प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र और 5 ए फार्म के वितरण की प्रक्रिया को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया था। इस आधार पर मोटर ट्रेनिंग सेण्टरों की जांच चल रही है। इसके बावजूद मोटर ट्रेनिंग स्कूलों द्वारा प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र और 5 ए फार्म का वितरण पूर्ववत जारी है जो नियम विरूद्ध है। उन्होने बताया कि एआरटीओ प्रशासन माला बाजपेयी ने समिति को रजिस्टर्ड पत्र देकर 28 अक्टूबर को दिन में 11 बजे वार्ता हेतु बुलाया था किन्तु वे स्वयं अनुपस्थित थी जिससे वार्ता नहीं हो पायी और समिति के पदाधिकारी निराश होकर वापस चले गये। उन्होने मांग किया है कि जांच अवधि तक प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र और 5 ए फार्म के वितरण की प्रक्रिया पर रोक लगा दिया जाय। साथ ही विभागीय अधिकारी समिति के पदाधिकारियों से वार्ता कर समस्या का समुचित समाधान कराये। साथ ही मामलों की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित कराया जाय।