महाकुंभ को एक अवसर के रूप में लें भाजपा कार्यकर्ता- योगी आदित्यनाथ

प्रयागराज। 13 दिसंबर को प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा एवं महाकुंभ 2024 के कार्यों को लेकर शनिवार को प्रयागराज दौरे पर आए सीएम योगी आदित्यनाथ ने सर्किट हाउस में भाजपा कार्यकताओं पदाधिकारियों के साथ बैठक में कहा कि भाजपा कार्यकर्ता महाकुंभ को एक अवसर के रूप में लें। पूरे देश से मित्रता करने का महाकुंभ एक अवसर है।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि महाकुंभ के दौरान भाजपा कार्यकर्ता होम स्टे के माध्यम से सेवा कर सकते हैं। आतिथ्य भाव की भावना लेकर इस पुण्य अवसर पर अपना सहयोग करें। भाजपा कार्यकर्ता प्रयागराज का इतिहास यहां आने वाले अतिथियों को बताएं। महाकुंभ प्रयागराज की ब्रांडिंग का अवसर है। प्रयागराज महर्षि भारद्वाज की धरती और आजादी का केंद्र बिंदु रहा है। संगठन के कार्यकर्ता आने वाले अतिथियों को यहां के इतिहास धार्मिक महत्व के बारे में बताने का काम करें। भाजपा के लिए लोगों से जुड़ने का उनके साथ संवाद करने का ये एक पुण्य अवसर है । 2019 के कुंभ में स्वच्छता को लेकर पूरे देश में प्रयागराज से एक संदेश गया था। 2019 का कुंभ यादगार बन गया अब 2024 के महाकुंभ को पूरे विश्व में एक अलग पहचान दिलाने की बारी है। महाकुंभ की ब्रांडिग बीजेपी को अपने हाथों में लेनी चाहिए।
सीएम ने कहा कि महाकुंभ की महत्ता जन जन तक पहुंचाने के लिए तकनीकी का सहारा भी लें संगठन के कार्यकर्ता। विभिन्न स्लोगन जैसे “जन्म जन्म के पुण्य खिले आओ हम सब कुंभ चलें” ऐसे स्लोगन इत्यादि बनाकर सोशल मीडिया पर डालें। विभिन्न प्रकार के धार्मिक रचनात्मक महाकुंभ और प्रयागराज के इतिहास से संबंधित रील्स बनाकर उसे अपने सोशल मीडिया एकाउंट यू ट्यूब चैनल पर डालकर उसे वायरल करें। तकनीकी माध्यम का विशेष महत्व है।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, डॉ नरेंद्र कुमार सिंह गौर, महानगर अध्यक्ष राजेंद्र मिश्र, महापौर गणेश केसरवानी, विधायक दीपक पटेल, विधायक हर्ष वर्धन बाजपेई, एम एल सी सुरेन्द्र चौधरी, पूर्व सांसद केशरी देवी पटेल, कमलेश गौतम, विधायक गुरु प्रसाद मौर्य, अनामिका चौधरी, कुंज बिहारी मिश्रा, मनोज कुशवाहा, राजू पाठक, राजन शुक्ला, आनंद सोनकर, प्रशांत शुक्ला, प्रवक्ता राजेश केसरवानी, मीडिया प्रभारी विवेक मिश्रा, राजेश गोंड, नवाब खान,अजय हेला, नटवरलाल,  प्रशांत शुक्ला, दीप द्विवेदी, कुलदीप मिश्रा, राकेश भारती, प्रमोद मोदी, देवेश सिंह, राम जी शुक्ला, भोला सिंह, सुमित वैश्य, अवनीश तिवारी, गौरव गुप्ता, अनिल भट्ट, राघवेंद्र मिश्रा आदि बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।