बस्ती। नगर थाना क्षेत्र के भरवलिया निवासी 48वर्षीय रामयज्ञ को साँड ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले में उनका एक पैर फ्रैक्चर हो गया। उनका उपचार जिला अस्पताल मे चल रहा है। मसहा निवासी 60वर्षीय रामचरन, रौसिंहापार निवासी 65वर्षीय रामअजोर भी साँड के हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए। किसी तरह ग्रामीणों ने उनकी जान बचाई। कड़ी मशक्कत कर साँड को पकड कर बाँध कर उसे काबू में किया। ग्राम पंचायत भरवलिया, माडन, कूरहापट्टी दरियाँव निवासी दर्जनों लोगों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर आवारा पशुओं से निजात दिलाने की माँग की है।प्रार्थना पत्र मे कहा है कि क्षेत्र मे छुट्टा व आवारा पशुओं ने आतंक मचा रखा है। यह पशु इतने हिंसक हो गए हैं कि किसान जब अपने खेतों की रखवाली करते समय इन्हें भगाते हैं तो यह इन पर हमला करने लगे हैं। इनके आतंक के चलते बच्चे अकेले स्कूल जाने से भी डर रहे हैं।
प्रार्थना पत्र देने वालों मे बृजलाल, रामअजोर, राम उजागिर, कुलदीप, रामतेज, वीरेन्द्र कुमार, रामधनी, जनार्दन, राम कृपाल, विनोद पाण्डेय, सुभाष पाण्डेय, प्रमोद कुमार, रामधीरज चौधरी, हरिशंकर सिंह, बैजनाथ, उमाशंकर पाण्डेय, करुणा शंकर, राजेश, शिव प्रसाद समेत बड़ी संख्या मे लोग शामिल रहे।