जनपद के चोर-लुटेरों का थानावार खंगाला जाए
बस्ती: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में जनपद में दस वर्ष के भीतर चोरी व लूट की घटना को अंजाम देने वाले बदमाशों की अब खैर नहीं है। ऐसे सभी तत्वों का थानावार सत्यापन अभियान चलाया जाएगा। पुलिस अधीक्षक ने इसके लिए नोडल टीम बना दी है। जो ऐसे लोगों का घर-घर जाकर सत्यापन करेगी। पूर्व में अपराधी रहे लोगों की वर्तमान में क्या गतिविधियां हैं। कहीं इस समय तो ये तत्व फिर से लूट-चोरी की वारदातों में संलिप्त तो नहीं हैं, इस पर विशेष रूप से निगाह रखी जाएगी। थानावार सत्यापन की हर दिन पुलिस अधीक्षक दफ्तर को रिपोर्ट देनी होगी। इसी कड़ी में वाहनों चेकिंग का क्रम रोजाना जारी रहेगा। हालांकि इस अभियान में जनता को दिक्कत हो सकती है। परंतु बाद में यह उनके लिए राहतकारी होगा। पुलिस की मंशा वाहन चेकिंग के नाम पर लोगों को परेशान करने की नहीं होगी बल्कि अपराधियों को पकड़ने की होगी। सर्दी के मौसम में बढ़ने वाली घटनाओं पर प्रभावी रूप से अंकुश लगाने के लिए निरंतर रात्रि गश्त किया जाएगा।–
जनपद में पिछले दस साल के भीतर लूट व चोरी की घटना करने वालों का घर-घर सत्यापन बीट सिपाही से लेकर दरोगा तक करेंगे। उन्हें रेडकार्ड देकर चिन्हित किया जाएगा। लुटेरों-चोरों की लगातार मानिटरिंग व उनका थानावार सत्यापन अपराध की रोकथाम का अहम हिस्सा है। लापता बदमाशों को खोजना पुलिस की प्राथमिकता में शामिल है।जिले में आमजन सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी । लापरवाह पुलिस कर्मियों पर भी कार्रवाई की जाएगी।