मिल्कीपुर-अयोध्या रामनगरी अयोध्या में ईसाई मिशनरी की सक्रियता बढ़ गई है। इनायतनगर, पूराकलन्दर के बाद तीसरी जगह कुमारगंज में भी प्रार्थना सभा की आड़ में धर्म परिवर्तन कराने का मामला पकड़ा गया है। हालांकि मुख्य आरोपी के भाग निकलने से पुलिस प्रार्थना सभा में शामिल लोगों से पूछताछ शुरू की है। सभी ने इलाज का झांसा देकर प्रार्थना सभा मे पहुंचाए जाने की बात कही है। पुलिस टीम गठित कर जांच शुरू कर दी है।
इस बार इलाज के नाम पर धर्म परिवर्तन का बड़ा खेल उजागर हुआ है। पुलिस को शिकायत मिली थी कि यहां झाड़-फूंक और प्रार्थना सभा के जरिए बड़ी से बड़ी बीमारियों के इलाज के नाम पर धर्म परिवर्तन कराया जा रहा था। मौके पर पहुंची पुलिस ने कई महिलाओं एवं पुरुषों को हिरासत में लेकर थाने ले गई और धार्मिक पुस्तकें बरामद की। धर्म परिवर्तन करने वाला मुख्य आरोपी पुलिस को आता देख मौके से जंगल के रास्ते भाग गया, जिसकी तलाश में पुलिस टीम जुटी है।
पूरा मामला कुमारगंज थाना क्षेत्र के तिंदौली पूरे पासिन गांव का है। जहां शिव मिलन के घर के बाहर तिरपाल बिछाकर करीब तीन दर्जन से अधिक महिलाएं, बच्चें और पुरुष बैठे थे। लोगों के पूछने पर बताया कि यहां तीन लोग प्रार्थना सभा और झाड़-फूंक के जरिए बड़ी से बड़ी बीमारियों के इलाज करेंगे। यह जानकारी प्रार्थना सभा में आए लोगों को ठीक करने की दे रहे हैं। जबकि मौके पर पहुंचे लोगों ने बताया कि यहां पर ईसाई धर्म से जुड़े लोग प्रभु यीशु का गुणगान करा रहे थे। इसकी सूचना लोगों ने कुमारगंज पुलिस को दी। मौके पर जब पुलिस टीम पहुंची तो प्रार्थना सभा में ईसा मसीह की महिमा का बखान व गुणगान करा रहे लोग भागने लगे। पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए दो दर्जन पुरुष महिलाएं और युवतियां को हिरासत में थाने ले आई। जबकि प्रार्थना सभा करने वाला मुख्य आरोपी अरुण कुमार कोरी जंगल के रास्ते भाग गया। पुलिस ने उक्त लोगों के पास से ईसाई धर्म से जुड़ी धार्मिक पुस्तक भी बरामद की है।
प्रभारी निरीक्षक थाना कुमारगंज अमरजीत सिंह ने जब हिरासत में आए लोगों से पूछताछ की तो कुछ लोगों ने कहा कि हमें जानकारी नहीं थी कि यहां क्या हो रहा है। हम भी गए थे। वहां पर प्रार्थना हो रहा था। प्रार्थना करने वाले गुरु कह रहे थे आपको किसी प्रकार की बीमारी हो तो आप अपने घर से पानी और सरसों का तेल ले आओ झाड़ फूंक कर दे देंगे ठीक हो जाओगे और इसी पुस्तक को पढ़ोगे ठीक रहोगे। पुलिस पकड़े गए लोग से पूछताछ की जा रही है। मुख्य आरोपी को पकड़ने के लिए टीम गठित कर दी है।