दुर्गापूजा के बस्ती जनपद में दुर्गा पूजा के दौरान तैनात होंगे तीन हजार पुलिस कर्मी

बस्ती अक्टूबर जिलाधिकारी-एसपी स्वयं प्रमुख पूजा पंडालों का करेंगे निरीक्षण बस्ती: जनपद में दुर्गापूजा व दशहरा मेला सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस के अधिकारियों ने कमर कस ली है। जिले में 2241 पूजा-पंडालों में दुर्गा पूजा होगी। सभी पंडालों की सीसीटीवी कैमरे से निगरानी होंगी। संदिग्ध क्षेत्रों में ड्रोन कैमरे से पूजा व शहर में देर रात तक चलने वाले मेले में आने जाने वालों लोगों की गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जाएगी। मेले में दर्शनार्थियों की सुरक्षा के साथ पीएसी, पुलिस, क्यूआरटी के अतिरिक्त होमगार्ड, पीआरडी के जवानों को ट्रेंड किया जा रहा है। शोहदों को पकड़ने के लिए महिला पुरुष जवान सादे वर्दी में मुस्तैद रहेंगे। दुर्गापूजा मेले के दौरान माहौल बिगाड़ने वालों की खैर नहीं होगी। त्योहार के समय भीड़भाड़़ वाले स्थानों पर शोहदों से निपटने के लिए महिला बीट अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। सभी थाना क्षेत्र की महिला बीट अधिकारियों को त्योहार को लेकर दिशा निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधीक्षक गोपालकृष्ण चौधरी ने इसके लिए अपर पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह को नोडल अधिकारी बनाया है। उन्होंने सभी क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि दुर्गा पूजा के दौरान स्थापित होने वाली मूर्तियों का भौतिक सत्यापन करा लिया जाए। समस्त थाना प्रभारी को अपने-अपने क्षेत्रों में स्थापित होने वाली दुर्गा प्रतिमा के पंडालों का निरीक्षण, क्षेत्र के आयोजकों के साथ मीटिंग कर त्योहार सकुशल संपन्न कराने के लिए निर्देशित किया है। सभी थाना प्रभारी को प्रतिदिन अपने-अपने क्षेत्र में दुर्गा पंडाल का भ्रमण करना है। जुलूस एवं विसर्जन से संबंधित मार्गों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने और सकुशल आवागमन के लिए यातायात व्यवस्था बनाए रखेंगेे।जिले में 15 दिनों चलने वाले दुर्गापूजा में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक स्वयं प्रमुख पूजा पंडालों का निरीक्षण करेंगे। इसको लेकर समुचित सुरक्षा प्रबंध और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए उपाय किए जा रहे। पुलिस कर्मियों के सामान्य अवकाश पर 17 अक्टूबर तक के लिए रोक लगा दिए गए हैं।