पीएनबी के शाखा प्रबंधक समेत तीन पर धोखाधड़ी का मुकदमा

 

बस्ती। वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के छोटा बढ़या निवासी राजेश कुमार ने पंजाब नेशनल बैक सेंट बेसिल शाखा के प्रबन्धक, कथित बैंक कर्मचारी राजीव व एक अन्य अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया है। बताया है कि उसकी भिटिया चौराहे पर राजेश ट्रेडर्स के नाम से मोटर पार्ट की मरम्मत की दुकान है। आरोपी अक्सर उसकी दुकान पर आते जाते थे, अपने को पंजाब नेशनल बैक का अधिकारी बताकर लोन देकर दुकान को आगे बढ़ाने की बात की। 25 सितम्बर और 13 अक्टूबर 2023 को बैंक कर्मचार बताने वाले राजीव ने उसकी दुकान पर आकर कुछ फोटो खींचा, दूसरे दिन बैंक पर उससे 10 हजार रूपये लेकर राजेश ट्रेडर्स के नाम से खाता खोला, उसी दिन एटीएम व चेकबुक प्राप्त कराया, कुछ सादे पन्नो पर उससे हस्ताक्षर कराकर ओटीपी आने की बात कहकर उसका मोबाइल सिम ले लिया। कुछ दिन बाद जब वह लोन की रकम निकालने बैंक पर गया तो पता चला कि उसके खाते मे लाखो लाखो रूपये आये और उसकी निकासी भी हो गई। अपने साथ हुए धोखाधड़ी के मामले में उसने पुलिस को तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। इसके बाद उसने कोर्ट की शरण ली, कोर्ट के आदेश पर वाल्टरगंज पुलिस मामले में आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी की धारा के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।