बस्ती: सितंबर उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में लालगंज थाने के लाकअप से नाबालिग किशोरी के अपहरण के मामले में अभियुक्त नवरत्न गुप्ता उर्फ भोलू बुधवार को भोर में करीब पांच बजे लालगंज थाने पुलिस लाकअप से फरार हो गया था।घटना के 72 घंटे बाद भी पुलिस की संयुक्त टीम सुराग नहीं लगा सकी है। लालगंज थानाक्षेत्र के एक गांव से नाबालिग किशोरी का नवरत्न उर्फ भोलु ने करीब डेढ़ माह पहले अपहरण कर लिया था। किशोर के रिश्तेदार की तहरीर पर लालगंज पुलिस ने कोतवाली थानाक्षेत्र निवासी भोलू गुप्ता के खिलाफ अपहरण, अश्लील हरकत समेत अन्य आपराधिक घटनाओं में मुकदमा दर्ज किया था। वांछित आरोपी को महसों चौकी प्रभारी अनस अख्तर ने पकड़ कर थाने के लाकअप में डाल दिया था मगर लापरवाही वश उन्होंने आरोपित का दाखिला जीडी में नहीं कराया। इस बीच भोलु पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए लालगंज पुलिस के अलावा एसओजी व स्वाट की टीम लगी हुई है।पुलिस टीमें अभी तक सुराग नहीं लगा सकी हैं।
—