बस्ती। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के नानक नगर खीरीघाट निवासी राहुल चौरसिया ने एक व्यक्ति पर नौकरी का झांसा देकर कई किस्तों में तीन लाख रूपया ले लेने, नौकरी न लगने पर रूपया वापस मांगने पर गाली और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित के अनुसार पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के दक्षिण दरवाजा हनुमान मंदिर के बगल में उसकी चाय की दुकान है। जहां बहराइच जनपद के कैसरगंज थाना क्षेत्र के बदरौली निवासी मुलायम यादव अक्सर आता जाता था। बताया है कि आने जाने के दौरान उससे जान पहचान हो गई, इसके बाद आरोपी ने उसे नौकरी दिलाने का झांसा दिया। उसके झांसे में वह आ गया। इसके बाद आरोपी ने उससे कई किस्तों में तीन लाख रूपया ले लिया। जब उसकी नौकरी नहीं लगी तो उसने अपना दिया गया पैसा वापस मांगा, जिस पर आरोपी ने उसे गाली और जान से मारने की धमकी दी। मामला 7 फरवरी से 18 जुलाई 2023 के बीच का है। मामले में न्यायालय के आदेश पर आरोपी के खिलाफ गबन, धोखाधड़ी, जानमाल की धमकी देने की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस विवेचना कर रही है।