एक दिन पूर्व से लापता किशोर का नदी में उतराता मिला शव

बस्ती। नगर थाना क्षेत्र के चंदो गांव निवासी 13 वर्षीय एक बालक का शव कुआनों नदी मे उतराता मिला। वह एक दिन पूर्व से लापता था। ग्रामीणों की सूचना बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे मे लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

जानकारी के अनुसार नगर थाना क्षेत्र के चंदो गांव निवासी संगम (13) पुत्र तुलसी राम रविवार को अपने घर से खाना खाने के बाद निकला, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। परिजन व गाँव के लोग पूरी रात उसकी तलाश करते रहे, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। सोमवार को कुछ ग्रामीणों ने गांव के पास स्थित कुआनों नदी के पानी में उतराता शव देखकर शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के लोग व बालक के परिजन पहुँचे। सूचना पाकर मौके पर नगर थाना प्रभारी भी पहुँच गए। शव को नदी से बाहर निकलवाया। मौके पर मौजूद तुलसीराम ने शव की शिनाख्त अपने बेटे संगम के रूप में की।

थाना प्रभारी नगर देवेंद्र सिंह ने बताया कि शव कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत का कारण पता चल पाएगा।