बस्ती। रुधौली थाना क्षेत्र स्थित पंजाब नेशनल बैंक शाखा रुधौली के खाता धारक ने अपने सीसी लिमिट और बचत खाते से धोखाधड़ी कर तीन बार में 33 हजार रूपए निकाल लिए जाने का मुकदमा दर्ज कराया है।
रूधौली थाना क्षेत्र के नगर पंचायत रूधौली के अम्बेडकरनगर वार्ड निवासी सत्य प्रकाश बरनवाल ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि वह पंजाब नेशनल बैंक शाखा रुधौली का खाता धारक है। जहां उसका बचत खाता और सीसी लिमिट खाता है। उसके सीसी लिमिट खाते से 2 अगस्त को दिन में एक बजकर एक मिनट पर 29 हजार 5 सौ और 5 सौ एवं उसके बचत खाते से 3 हजार रूपए निकाले जाने का मैसेज आया। मैसेज आने के तत्काल बाद उसने शाखा प्रबन्धक से इस बारे में पूछा, बताया कि उसके दोनो खातों से कुल मिलाकर 33 हजार रूपए निकाले जाने का मैसेज आया है। इस पर उनके द्वारा बताया गया कि उनके यहां से कोई पैसा नहीं निकाला गया है। जबकि स्टेटमेन्ट के माध्यम से पता चला कि उसके खाते से मुस्कान खातून के खाते में 33 हजार रुपये भेजा गया है। जबकि उसके द्वारा कोई लेन देन नहीं किया गया है। तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ बीएनएस की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।