अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) गोरखपुर जोन, गोरखपुर महोदय डॉ. के.एस. प्रताप कुमार द्वारा जनपद में भेड़ियों के हमलों की घटनाओं की गंभीरता को लेते हुए जनपद के प्रभावित क्षेत्रों तथा आज मध्य रात्रि थाना हरदी क्षेत्रान्तर्गत ग्राम नऊवन गरेठी दाखिला गरेठी गुरुदत्त सिंह में हिंसक भेड़िये के हमले में ढाई वर्षीय मासूम बच्ची की मृत्यु के हृदय विदारक घटना का मौका-मुआयना कर परिजनों को सांत्वना देते हुए स्थिति की जानकारी प्राप्त कर घटनाओं पर शीघ्र नियंत्रण हेतु सख्ती से कार्यवाही करने के निर्देश दिये ।
एडीजी गोरखपुर महोदय द्वारा बताया गया कि ऐसी घटना हमारे लिए एक चुनौती है जिससे निपटने के पुलिस विभाग द्वारा वन विभाग का पूरा सहयोग किया जा रहा है । नरभक्षी भेड़ियों को पकड़ने के लिए रणनीति बनायी गयी है । ऐसे 30 से अधिक प्रभावित गांवों को चिन्हित किया गया है, प्रत्येक गांव में पुलिस के निरीक्षक/उप निरीक्षक, मुख्य आरक्षी/आरक्षी गांव के ग्राम चौकीदार, होमगार्ड/पीआरडी के साथ सतर्क नजर बनाए हुए है तथा लगातार गश्त की जा रही है । पुलिस अधीक्षक बहराइच द्वारा भी इस विस्तृत क्षेत्र को विभाजित कर 07 टीमों का गठन किया गया है जो सुरक्षा के दृष्टिगत रात भर इस विशाल क्षेत्र में भ्रमणशील रहती है तथा 02 कम्पनी पीएसी को भी चिन्हित संवेदनशील स्थानों पर तैनात किया गया है । इस समस्या से निपटने के लिए वन विभाग द्वारा विशेष कार्य योजना तैयार की गयी है, जिसके अन्तर्गत कार्यवाही अमल में लाई जा रही है । अभियान को और तेज करते हुए यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है कि जल्द से जल्द सभी भेड़ियों को पकड़ लिया जाए और क्षेत्र में सामान्य स्थिति बहाल हो सके । हमें उम्मीद है कि इस नई कार्य योजना से हमें भेड़ियों के आतंक पर अंकुश लगाने में जल्द ही सफलता मिलेगी ।
उल्लेखनीय है कि मामले की गम्भीरता के चलते सुरक्षा को पुख्ता करने के आशय से पुलिस अधीक्षक महोदय बहराइच द्वारा लगातार, पिछले 24 घण्टे में 03 बार यथा 01.09.2024 की रात्रि, 02.09.2024 की सुबह तथा पुनः एडीजी गोरखपुर जोन महोदय के साथ आज दोपहर को प्रभावित क्षेत्रों/ घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है तथा ग्रामीणों व परिवारीजन से स्थिति की समीक्षा की गयी है जिससे पता चलता है कि पिछले कई हफ्तों में बढ़े भेड़ियों के आतंक की घटना ने ग्रामीणों के बीच भय का माहौल पैदा कर दिया है जिस पर नियंत्रण करने के लिये प्रशासन और वन विभाग की ओर से कार्यवाही को और अधिक प्रभावी किया गया है । प्रभावी नियंत्रण के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया था जिसके अन्तर्गत अब तक 04 भेड़ियों को पकड़ लिया गया है, जबकि अन्य भेड़ियों की तलाश जारी है। ड्रोन कैमरों, थर्मल मैपिंग, और ट्रैप्स के माध्यम से इन हिंसक जानवरों की पहचान और उन्हें पकड़ने का काम किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा महसी ब्लॉक के विभिन्न ग्राम प्रधानों और अन्य स्थानीय प्रतिनिधियों के साथ मिलकर सुरक्षा के उपायों पर चर्चा की जा चुकी है तथा लोगों को रात में घर के बाहर न सोने और सतर्क रहने के निर्देश भी दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) डॉ. पवित्र मोहन त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी महसी श्री रूपेन्द्र कुमार गौड़ तथा अन्य अधिकारी-कर्मचारीगण मौजूद रहे, जिनके द्वारा स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है।