बस्ती। दुबौलिया थाना क्षेत्र के शुकुलपुरा गांव निवासनी कलावती देवी ने पड़ोसी गांव के एक युवक पर घर में घुसकर जेवरात, नगदी चोरी करने का आरोप लगाया है। पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि उसके पति शनिवार की सुबह आटा चक्की पर चले गये। वह भी सामुदायिक शौचालय पर केयर टेकर के पद पर कार्य करने के कारण घर में ताला लगाकर वहां चली गई। वापस लौटने पर घर के कमरे का ताला टूटा मिला। कमरे में रखे दो बक्से का ताला टूटा हुआ और सामान बिखरा मिला। पड़ोसी गांव के एक युवक पर बक्से में रखे जेवरात और 29 हजार रूपए नगदी चोरी करने का आरोप लगाते हुए आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की है। मामले में नामजद आरोपी को थाने लाकर पुलिस पूछताछ कर रही है।