मोहटाघाट के पास कुआनों नदी में मिले शव की बेटों ने की शिनाख्त

 

नगर बाजार, बस्ती। नगर थाना क्षेत्र के मोहटाघाट के पास कुआनों नदी मे मिले 45 वर्षीय व्यक्ति के शव की शिनाख्त वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के गनेशपुर (सरैया भटोलवा) निवासी बरसाती के रूप में हुई। उनके बेटों द्वारा शिनाख्त करने के बाद पुलिस ने मर्चरी से शव को निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पत्नी गीता भर ने 21 अगस्त को पति की गुमशुदगी वाल्टरगंज थाना में दर्ज कराया था।
बता दें कि 25 अगस्त को नगर थाना क्षेत्र के मोहटा गाँव के पास स्थित कुआनों नदी मे मछली मार रहे लोगों ने अज्ञात शव उतराता देखकर पुलिस को सूचना दी थी। मौके पर पहुँची नगर पुलिस ने शव को शिनाख्त के लिए मर्चरी में रखवा दिया था। मंगलवार को वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के गनेशपुर (सरैया भटोलवा)निवासी सोमनाथ, मनीष को सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी मिली कि नगर थाना क्षेत्र के मोहटा गाँव के पास स्थित कुआनों नदी मे मिले मृतक शख्स का शव उनके पिता बरसाती का है। इसके बाद नगर थाने के उप निरीक्षक फखरे आलम के साथ जाकर मर्चरी में रखे शव की शिनाख्त की। पुलिस ने शिनाख्त होने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।