ढह गया मायंग का किला, भाजपा ने ब्लॉक प्रमुख की कुर्सी पर जमाया कब्जा

धनपतगंज/सुलतानपुर (आरएनएस)। जिले की चर्चित धनपतगंज विकास खंड पर हो रहे उपचुनाव में भाजपा अपनी रणनीति में कामयाब हो गई। लोकतंत्रीय व्यवस्था लागू होने के बाद से लगातार ब्लॉक प्रमुख की सीट पर कब्जा जमाए भद्र परिवार को शिकस्त देते हुए भाजपा के घोषित प्रत्याशी ने 03 मतों से जीतकर ब्लॉक प्रमुख की कुर्सी पर कब्जा जमा लिया।
बता दे कि पंचायती राज व्यवस्था लागू होने के बाद से लगातार धनपतगंज ब्लॉक प्रमुख के पद पर भद्र परिवार व उनके करीबियों का ही कब्जा रहा है। 2021 में हुए आम चुनाव में भद्र परिवार के छोटे बेटे यशभद्र सिंह मोनू निर्विरोध निर्वाचित हुए थे। वर्ष 2023 में कोर्ट से सजा का आदेश हो जाने के बाद शासन ने मोनू सिंह की ब्लॉक प्रमुख की कुर्सी बर्खास्त कर दिया था। सप्ताह भर पहले चुनाव आयोग द्वारा उपचुनाव की घोषणा होते ही शहर विधायक विनोद सिंह लगातार सक्रिय हो गए। उनकी बढ़ी सक्रियता को देखते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष डा आरए वर्मा ने भौंसा गांव निवासी दलित महिला पार्वती सरोज को पार्टी समर्थित प्रत्याशी घोषित कर मैदान में उतार दिया। भाजपा की नाकेबंदी को देखते हुए समाजवादी पार्टी ने भद्र ब्रदर्स की मां उषा सिंह को पार्टी समर्थित उम्मीदवार घोषित कर दिया।
गुरुवार को सुबह 10 बजे 02 बजे तक सहायक निर्वाचन अधिकारी हृदयराम तिवारी की देखरेख में विकास खंड के सभी 81 क्षेत्र पंचायत सदस्यो ने विकास खंड मुख्यालय पहुंचकर मताधिकार का प्रयोग किया। 3 बजे के बाद हुई मतों की गिनती में भाजपा प्रत्याशी पार्वती सरोज को 42 मत प्राप्त हुए वही सपा प्रत्याशी उषा सिंह को 39 मत हासिल हुए। 03 मतों से भाजपा प्रत्याशी विजई घोषित हुई। 03 मतों से विजय प्राप्त कर भाजपा प्रत्याशी ने दशको से अभेद किला भेद कर भद्र परिवार से सीट छीन ली।