रेजिडेंट डाक्टर की रेप बाद हत्या से आक्रोश, आइएमए 24 घंटे ठप रखेगा स्वास्थ्य सेवाएं

 

बस्ती। कोलकाता आरजी कर मेडिकल कालेज में परास्नातक द्वितीय वर्ष की एक छात्रा की बलात्कार बाद हत्या की घटना से आक्रोश है। इण्डियन मेडिकल एसोसिएशन ने शनिवार को दिन में 6 बजे से रविवार 6 बजे तक स्वास्थ्य सेवाएं ठप रखने का निर्णय लिया है। सिर्फ इमरजेंसी सेवाएं जारी रहेंगी।
पत्रकारों से वार्ता करते हुए आईएमए के अध्यक्ष डा. अनल कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि कोलकाता मेडिकल कालेज की परास्नातक द्वितीय वर्ष की छात्रा के साथ डयूटी के दौरान जिस तरीके से बलात्कार बाद हत्या की घटना को अंजाम दिया गया वह दुर्भाग्यपूर्ण है। इससे समूचा चिकित्सा जगत स्तब्ध एवं आक्रोशित है। रेजिडेंट डाक्टर पूरे देश में हड़ताल कर विरोध जता रहे हैं, कैंडिल मार्च निकाल कर न्याय की मांग कर रहे है। उनके इस प्रोटेस्ट में आईएमए भी उनके साथ खड़ा है। कहा कि कोलकाता हाईकोर्ट ने मामले की सीबीआई जांच के आदेश दिए ताकि पीड़िता के परिवार को न्याय मिल सके। कहा कि दुर्भाग्यपूर्ण है कि जिस दिन देश स्वतंत्रता दिवस का जश्न मना रहा था, हिंसक उग्र भीड़ आगजनी तोड़फोड़ कर रही थी। पूरे अस्पताल को बंधक बनाकर डाक्टरों से मारपीट, बदसलूकी की गई। प्रोटेस्ट कर रहे मेडिकल छात्रों को भी पीटा, किसी तरह भाग कर उन्होंने जान बचाई। कोलकाता में हुए इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना को संज्ञान में लेकर आइएमए केन्द्रीय व राज्य नेतृत्व ने आन्दोलन को अपना समर्थन देते हुए अपनी सेवाओं से विरत रहने का निर्णय लिया है। शासन, प्रशासन से चिकित्सा प्रतिष्ठानों, संस्थानों को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है ताकि भयमुक्त वातावरण में चिकित्सक अपनी सेवाएं प्रदान कर सकें।
इस दौरान आइएमए के सचिव डा. एनके चौधरी, डा. पीके श्रीवास्तव व अन्य चिकित्सक मौजूद रहे।