बस्ती। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के हडिया चौराहे सर्विस लेन रोड पर स्थित मिल परिसर से बिजली केबिल, वायर काटकर चुरा ले जाने वाले तीन चोरों को चौबीस घंटे के भीतर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से एक बोरे में केबल का टुकड़ा और एक बोरे में केबल का जला तांबा तार बरामद किया है। पकड़े गए चोरों में एक बाल अपचारी शामिल है।
बडेरिया बुजुर्ग निवासी प्रवीन कुमार सिंह ने दी गई तहरीर में बताया कि हडिया चौराहे के सर्विस लेन रोड पर उसका राधा कृष्ण इण्डस्टीज के नाम से मिल स्थित है, जो अभी चालू नही है। मिल परिसर में घुसकर बिजली केबिल, कापर धातु के वायर काटकर चोर चुरा ले गए। मामले में अज्ञात के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कर पुलिस छानबीन कर रही थी। पुलिस के अनुसार मुकदमा दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर चोरी की घटना में संलिप्त तीन चोरों को गिरफ्तार किया गया, जिसमें एक बाल अपचारी शामिल है। सभी को संत निरंकारी आश्रम के पास से गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए चोरों की पहचान पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के बारीटोला मोहल्ला निवासी संजय कुमार, कुशीनगर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के विशुनपुरवा निवासी गुल मोहम्मद उर्फ भाटे व एक बाल अपचारी के रूप् में हुई। उनके पास से चोरी गया केबिल का टुकड़ा और जला तांबे का तार बरामद किया गया। आवश्यक विधिक कार्यवाही पूर्ण कर उन्हे न्यायालय के लिए रवाना किया गया।