डीआरआइ की टीम ने सोने की तस्करी करने वाले गिरोह को किया गिरफ्तार 

लखनऊ। दुबई में बैठा गोरखपुर का रहने वाला तस्कर बैंकॉक के रास्ते लखनऊ सोना भेज रहा है।इसके बदले मिलने वाली विदेशी मुद्रा को बैंकॉक के रास्ते दुबई भेजा था। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआइ) की टीम ने लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर ग्राउंड स्टाफ की मदद से हो रही सोने की तस्करी का पर्दाफाश कर छह लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से तीन किलो सोना व 3.96 करोड़ रुपये (विदेशी मुद्रा) बरामद किया। सोने की तस्करी कराने वाले गोरखपुर के रहने वाले सरगना के बारे में टीम छानबीन कर रही है।

डीआरआइ की टीम को इसकी पुख्ता सूचना मिली थी कि बैंकॉक के रास्ते लखनऊ एयरपोर्ट से सोने की तस्करी हो रही है। डीआरआइ लखनऊ यूनिट की टीम को सात अगस्त को बैंकॉक से आए विमान से सोना लखनऊ भेजे जाने की सूचना मिली थी।

विमान के लखनऊ पहुंचकर खाली होने के बाद डीआरआइ को दो ग्राउंड स्टाफ के पास तीन किलोग्राम सोने की सिल्ली मिली। पूछताछ में उन्होंने बताया कि एक यात्री ने विमान से उतरने से पहले उनको यह सिल्ली सौंपी थी, जिसे उन्हें एयरपोर्ट के बाहर पहुंचाना था।

डीआरआइ की टीम ने टर्मिनल-3 के आगमन हाल के पास सोने की सिल्ली सौंपने वाले तस्कर को पकड़ लिया। उससे पूछताछ हुई तो पता चला कि उसका एक और साथी है जो तस्करी के सोने की कीमत लेकर इसी विमान से बैंकॉक वापस जा रहा है।

डीआरआइ अफसरों की दूसरी टीम ने वापस बैंकॉक जाने के लिए बोर्डिंग कराने की तैयारी कर रहे एक और तस्कर को प्रस्थान हाल से पकड़ा। उसके बैग में सोने की तस्करी के बदले मिले 2.12 लाख डालर बरामद हुए। बैग को चेक इन कराने में भी ग्राउंड स्टाफ ने मदद की थी।