बस्ती। रुधौली पुलिस ने एक अन्तर्जनपदीय चोर को गिरफ्तार कर करीब साढ़े चार लाख रूपए कीमत का चोरी का माल बरामद किया है। पकड़ा गया चोर रामलीला में काल्पनिक पात्र का काम करता है।
पुलिस के अनुसार रूधौली नगर पंचायत के रुधौली कला वार्ड नंबर 10 निवासी सुनील गुप्ता के घर से चोर सोने, चांदी के जेवरात चुरा ले गए थे। जिस समय चोरी की घटना हुई वे परिवार के साथ अपनी ससुराल असनहरा बाज़ार गए थे। दूसरे दिन वापस लौटने पर घर का ताला टूटा और कमरे में सामान अस्त व्यस्त देखकर चोरी का पता चला। पुलिस को दी गई तहरीर में पीड़ित ने बताया कि चोर घर में रखी आलमारी, बक्सा का लॉक, ताला तोड़कर एक सोने का हार, सोने की 2 अंगूठी, चेन, नाक नत्था, टीका, कान का झाला, गले की तितली, चांदी की पायल, पावजेब, करधन, बिछुआ, सात हजार रुपये नगद, सिक्के से भरा मिटटी का गुल्लक चुरा ले गए, जिसकी अनुमानित कीमत 4.50 लाख रूपए थी। मामले में तहरीर के आधार पर चोरी का मुकदमा दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुट गई। चोरी की घटना में संलिप्त अयोध्या जिले के कोतवाली अयोध्या क्षेत्र के रामघाट टोला निवासी सबरजीत ठाकुर (बहेलिया) को हनुमानगंज नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार कर चोरी गये जेवरात, नगदी आदि की बरामदगी की।
पुलिस के अनुसार पकड़े गए सबरजीत ने पूछताछ में बताया कि वह रूधौली थाना क्षेत्र के पचारी खुर्द निवासी लक्ष्मीकांत उर्फ गुड्डू बाबा के साथ रामलीला में काल्पनिक पात्र का काम करता है। वह अक्सर रूधौली क्षेत्र के गांव-गांव में घूमता रहता था। 09/10 अगस्त की रात उसकी नजर रूधौली कस्बा स्थित महादेव सिंह रोड स्थित एक खाली मकान पर पड़ी, जिसमें ताला लगा हुआ था। मौके का लाभ उठाकर वह घर का ताला तोड़कर घुस गया, सामान, जेवरात, नगदी की चोरी कर उसे छिपाने के उद्देश्य से हनुमानगंज मार्ग से जा रहा था कि पकड़ लिया गया।