बहुचर्चित मोहित अपहरण, हत्याकांड: शव की तलाश के लिए नदी में चला सर्च अभियान

 

बस्ती। कोतवाली थाना क्षेत्र के पिकौरा दत्तूराय से अपहृत मोहित यादव के शव की तलाश के लिए एसडीआरएफ टीम की मदद से कोतवली पुलिस ने कुआनों नदी के दबिला घाट पर सर्च आपरेशन चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिल पाई।
बता दें कि लालगंज थाना क्षेत्र के सुकरौली गांव निवासी मोहित यादव का 12 जुलाई को कोतवाली थाना क्षेत्र के पिकौरा दत्तूराय से दिन दहाड़े मारपीट कर अपहरण कर लिया गया था। मोहित पिकौरा दत्तूराय में अविनाश सिंह के मकान में किराए पर कमरा लेकर रहता था। अपहरण की इस घटना में मकान मालिक की तहरीर पर पांच नामजद, अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। इस बहुचर्चित अपहरण कांड में पुलिस गिरफ्त में आए लोगों ने उसकी हत्या कर शव को नदी में फेंक देने की जानकारी दी थी। इसके बाद से ही पुलिस उसके शव की तलाश में जुटी है। हत्या मामले में मुख्य आरोपी कोतवाली थाना क्षेत्र निवासी इल्हान को कोर्ट से 48 घंटे का रिमांड पर लेकर पुलिस ने शव फेकने के स्थान चंगेरवा गांव के दबिला घाट पर एसडीआरएफ और पुलिस टीम ने कुआनों नदी में गुरूवार को सर्च अभियान चलाया।