किशोरी को किडनैप कर रेप करने में एक नामजद, 7 अज्ञात पर मुकदमा, नामजद आरोपी गिरफ्तार

 

बस्ती। लालगंज थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 17 वर्षीय एक किशोरी को घर से देर रात उठाकर ले जाने और उसके साथ गैंगरेप करने के मामले में आईजी से गुहार लगाए जाने के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
गैंगरेप की शिकार पीड़िता के पिता ने आईजी को दिए गए शिकायती पत्र में कहा है कि उसकी बेटी घर में बिस्तर पर सो रही थी। रविवार की रात लगभग 11.30 बजे उसकी बेटी को गांव का ही एक युवक बिस्तर से उठा ले गया। घर से 50 कदम की दूरी पर मोटरसाइकिल पर बैठाकर लगभग आधा किलोमीटर ले गए, जहां पहले से ही चार पहिया वाहन लेकर घात लगाए बैठे करीब 5- 7 लोगों ने मिलकर उसकी बेटी को जबरदस्ती गाड़ी में घसीट कर बैठा लिया और कहीं एकांत स्थान पर लेते गए। उसके साथ गैंगरेप किया। मारपीट कर अधमरा जानकर कुछ दूरी पर उसे छोड़कर भाग गए। पत्र में कहा है कि वहां से गुजर रही डायल 112 की पुलिस ने बेहोशी की हालत में उसकी बेटी को थाने पर पहुंचाया, इसके बाद ग्राम प्रधान के माध्यम से उसे सूचना मिली तो वह थाने पर पहुंचा। थाने पर पहुंचने पर वहां मौजूद पुलिस कर्मियों द्वारा लिखा पढ़ी कर हम लोगों को वापस घर भेज दिया गया। जब लड़की को होश आया तो उसने अपने साथ हुई आपबीती बताया। गांव के ही एक युवक और पांच अज्ञात लोगों द्वारा गैंगरेप करने की जानकारी दी। इसके बाद पीड़िता के पिता ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराकर न्याय दिलाए जाने की आईजी से गुहार लगाया।
मामले में लालगंज पुलिस ने पीड़िता के गांव निवासी आरोपी रितेश गौतम व 5 से 7 अज्ञात के खिलाफ बीएनएस, पाक्सो एक्ट की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर नामजद आरोपी को सोहिला गांव से गिरफ्तार कर उसे न्यायालय के लिए रवाना किया।