घर से एक दिन पूर्व निकली महिला का मनोरमा नदी में उतराता मिला शव

बस्ती। दुबौलिया थाना क्षेत्र के पिपरौल घाट मनोरमा नदी पुल के निकट मंगलवार शाम करीब चार बजे 25 बर्षीय एक महिला का शव उतराता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से शव की शिनाख्त कराया।इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पंचनामा बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा। महिला की पहचान नगर थाना क्षेत्र के गोईरी गांव निवासी पूनम पत्नी सूर्यलाल के रूप मे हुई।

महिला के परिवार वालों के अनुसार वह सोमवार सुबह करीब 9 बजे घर से निकल गई थी। जिस समय वह घर से निकली परिवार का कोई सदस्य घर पर मौजूद नहीं था। मंगलवार की सुबह करीब पांच बजे दुबौलिया थाना क्षेत्र के बनकठवा शव दाह गृह के पास ग्रामीण शौच करने के लिए गए तो वहाँ एक मोबाइल व चप्पल मिला। इसकी सूचना पूनम के मायके दुबौलिया थाना क्षेत्र के बरसाव ग्राम पंचायत के मालीपुरवा गांव पहुंची तो वे मौके पर पहुंचे। उसके ससुराल वाले भी सूचना पाकर पहुंचे। मोबाइल व चप्पल मिलने के आधार पर पुलिस ने उसके नदी मे कूदने की आशंका व्यक्त की। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों के सहयोग से करीब चार घंटे मनोरमा नदी मे उसकी खोज करवाया।लेकिन पता नही चल सका। करीब चार बजे पिपरौल घाट पुल के निकट उसका शव उतराया मिला।

मृतका पूनम के पिता राम टहल ने बताया कि बेटी पूनम की शादी दो बर्ष पूर्व नगर थाना क्षेत्र के गोईरी गांव निवासी सूर्यलाल के साथ की थी। आये दिन बेटी की सास उसे प्रताड़ित करती थी। बताया कि उसकी बेटी सात महीने के गर्भ से थी।

थानाध्यक्ष चंद्र कांत पाण्डेय ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *