भोजपुरी और अवधी लोकगीतों से महका तुलसी उद्यान/रामोत्सव में मची है जन्मोत्सव की धूम

 

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। तुलसी उद्यान ने संस्कृति विभाग उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित रामोत्सव में जन्मोत्सव के आनंद की छटा बिखर रही है। गोरखपुर से आई अर्चना पाल के दल ने कार्यक्रम के आरंभ में देवी गीत तोहरे चरनियां में करीले, पूजनिया हो देवी माता गाकर नवरात्रि के पूर्व माता का आह्वान किया। इसके बाद लाचारी गीत प्रस्तुत किया जिसके बोल थे फेरु से जनम लेलू आज,ही कौशल्या के ललनवा हो। राम नवमी के उत्साह को बढ़ाते हुए पारंपरिक चैती धावत राम बकाईयां हो रामा गाया तो दर्शक मगन हो गए। दर्शको के उत्साह को नई ऊंचाई दी सोहर ने,चैत के रामनवमी त राम जी जनम लेल हो। जन्मोत्सव के रंग में पगे दर्शको को झूमर जनि डम डिम डिमाव डमरुआ, ए जोगिया जाग जैहेंय सुना कर आह्लादित कर दिया।
अगली प्रस्तुति प्रयागराज से आए लोक गायक भूपेंद्र शुक्ला और साथियों ने मुझ पर इतनी कृपा विधाता रहे,नाम राम का होंठो पर आता रहे गाकर अपनी प्रार्थना रामलला के चरणों में पहुंचाई। श्रद्धा के लोकरंग में रचा भजन जाहि विधि राखे राम,ताहि विधि रहिए गाते ही पांडाल में उपस्थित दर्शक भी गाने लगे। इसके बाद प्रभु की मोहनी छवि को तेरी मंद मंद मुस्कानियां पर बलिहारी राघव जी गाकर सभी को निहाल कर दिया। मेरा राम की कृपा से सब काम हो रहा है,करते हो तुम राघव मेरा नाम हो रहा है भजन के माध्यम से ईश्वर के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित की। जरा हल्के गाड़ी हाँको मेरे राम भजन गाकर कलाकार ने जीवन दर्शन से परिचय कराया। अंत में भक्ति की पराकाष्ठा को जहां ले चलोगे,वहीं मैं चलूंगा गाकर सभी को तालियां बजाने पर विवश कर दिया।
संत कबीर नगर से आए महेश मौर्य और इनके दल ने लोकगीतों और लोक नृत्यों से समां बांध दिया। आए अवध श्री राम हो गाकर जहां इन कलाकारो ने राम आगमन की खुशी को व्यक्त किया वहीं भज ले मनवा तू राम जी कै नाम रे गाकर सभी को प्रभु के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया। लोक भजनों पर नृत्य कर रहे कलाकारो का अभिनय जहां दर्शको को आकर्षित कर रहा था वही भजन के बोलो में डूबे दर्शक आनंद राम का आस्वाद लें रहे थे। हई रउरे हर मर्ज कै दवाई हरी जी गाकर कलाकारो ने परमात्मा का ध्यान किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन आकाशवाणी के देश दीपक मिश्र ने किया। उ. प्र.लोक एवम जनजाति संस्कृति संस्थान लखनऊ के निदेशक अतुल द्विवेदी के निर्देशन में कलाकारो का सम्मान समन्वयक अतुल कुमार सिंह ने किया।इस अवसर पर भारी संख्या में दर्शक व संतजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *