सम्पन्न हुआ होली मङ्गलमिलन समारोह

*
लखनऊ 31 मार्च सत्य सनातन वेद प्रचार न्यास द्वारा सनातन संस्कृति का रंग बरसा कर बड़े उत्साह से गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी 31 मार्च रविवार को *होली मंगल मिलन समारोह* का आयोजन जानकीपुरम् विस्तार स्थित मदर्स प्राइड स्कूल के प्रांगण में किया गया। सत्य सनातन वेद प्रचार न्यास के संयोजन में आयोजित इस होली मिलन समारोह में सनातन संस्कृति में शक्ति रूप में पूजित नारी शक्ति का प्रतिनिधित्व करने वाली मातृशक्ति ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ देवयज्ञ से हुआ। उपाध्यक्ष श्री संजीव मिश्र के आचार्यत्व में मुख्य यजमान श्रीमान ओमप्रकाश आर्य एवं श्रीमती गायत्री आर्या सहित उपस्थित श्रद्धालुओं ने आहूतियां प्रदान की ।
यज्ञ के पश्चात् न्यास के संस्थापक आचार्य विश्वव्रत शास्त्री के निर्देशन में संस्कृत अंताक्षरी का आयोजन किया गया। उपस्थित नर नारियों की अलग-अलग टोली ने संस्कृत के श्लोकों , गीतों एवं वेद मन्त्रों का मौखिक उच्चारण कर कार्यक्रम को संस्कृत भाषा के रंग में रंग दिया।
न्यास के संरक्षक डॉ. सत्यकाम आर्य के निर्देशन में हिंदी अंताक्षरी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। प्रतिभागियों ने शिक्षाप्रद गीतों, रामायण की चौपाइयों, लोकगीतों एवं कविताओं के उच्चारण से प्रतियोगिता का उपस्थित लोगों में सम्माननीय स्थान बनाया।
इस अवसर पर संस्कृत एवं हिंदी के काव्य पाठ का भी आयोजन किया गया । काव्य पाठ में आचार्य विश्वव्रत शास्त्री द्वारा प्रस्तुत संस्कृत गीत के बोल थे – *तावकं मामकं मोदते मानसम्,दृश्यते होलिका ह्यागता स्वागतम्* आचार्या प्रियंका शास्त्री द्वारा *वर्षति रसधारा धरायां होलायाम्* गीत सुनकर श्रोता भाव विभोर हुए। डॉ. सत्यकाम आर्य द्वारा हुए काव्यपाठ की पंक्तियां थीं *अलग अलग न चलो रे कदम मिलाके चलो* श्री वीरेंद्र आर्य द्वारा भी स्वरचित होली गीतों का काव्यपाठ किया गया। श्री सर्वमित्र शास्त्री ने *होली पर्व मनाने निकली सत्य सनातन टोली है* , नरेंद्र आर्य द्वारा *होली है जी होली है* कविता सहगल एवं प्रियंका शास्त्री द्वारा *होली का पर्व ये आया है सबके मन को हर्षाया है* होली गीतों की संगीतमय प्रस्तुति दी। अन्त में श्री महेंद्र सिंह का व्यंग्यात्मक कार्यक्रम *होली के रंग महेन्द्र सिंह के संग* भी प्रशंसनीय रहा। श्रीमती रश्मि गुप्ता ने कार्यक्रम संचालन किया।अध्यक्ष श्री नवीन कुमार सहगल ने सभी का आभार प्रकट किया। शांति पाठ एवं स्वल्पाहार के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम में हरिश्चंद्र श्रीवास्तव, विजयलक्ष्मी आर्या, सुरेश चंद्र मिश्र, सत्यप्रभा शास्त्री, डॉ. ताराचंद्र श्रीवास्तव, देवेन्द्र स्वरूप गुप्त,तारा सिंह,बबीता श्रीवास्तव सहित न्यास के पदाधिकारी, स्वयंसेवक तथा भारी संख्या में क्षेत्रीय नर नारियों की उपस्थिति प्रशंसनीय रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *