चित्रकूट(आरएनएस)। जिले में इन दिनों मौसम में उतार चढ़ाव से संक्रामक रोग फैल रहे है। जिला अस्पताल में खांसी, जुकाम व बुखार के मरीज बड़ी संख्या में देखे जा सकते हैं। शनिवार बुखार के चलते बच्चे की मौत हो गई। परिजन पुलिस को सूचना दिए बगैर शव को अपने घर ले गए। इसके अलावा सात मरीज भर्ती हुए। कर्वी कोतवाली अंतर्गत तरौंहा निवासी दिनेश कुमार का चार वर्षीय पुत्र शोभित को बुखार आने पर पिता ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन पुलिस को सूचना दिए बगैर शव अपने घर ले गए। इसके अलावा रामनगर निवासी रामप्रकाश (50), चंद्रगहना निवासी गोलू (16), सरैंया निवासी रामबाबू की पुत्री देवकी (16), पथरौड़ी निवासी सावित्री (30), शंकर बाजार निवासी द्वारिका का पांच वर्षीय पुत्र अंशू, गढ़चपा निवासी दीपक (22), शोभा सिंह का पुरवा निवासी विद्या देवी (30) को खांसी, जुकाम व बुखार के चलते भर्ती कराया गया है।