भाजपा में शामिल हुई ऋचा सिंह

प्रयागराज 21 फरवरी इलाहाबाद विश्वविद्यालय की पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष और समाजवादी पार्टी की पूर्व प्रदेश प्रवक्ता डॉ. ऋचा सिंह ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, बृजेश पाठक की मौजूदगी में ऋचा ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ की पूर्व अध्यक्ष ऋचा सिंह ने प्रयागराज पश्चिम विधानसभा से 2017 और 2022 का विधान सभा चुनाव लड़ा था। दोनों ही चुनाव में उन्हें भाजपा के वरिष्ठ नेता सिद्धार्थनाथ सिंह से करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। चुनाव में हार के बाद वह लगातार पार्टी के खिलाफ बयानबाजी कर रही थीं। सपा के वरिष्ठ नेता रहे स्वामी प्रसाद मौर्य द्वारा रामचरित मानस सहित देवी देवताओं के खिलाफ की गई कथित अभद्र टिप्पणी का विरोध करने पर पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋचा सिंह को बाहर का रास्ता दिखा दिया था। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव स्वामी प्रसाद मौर्य द्वारा रामचरित मानस पर की गई टिप्पणी का विरोध करना पार्टी नेता ऋचा सिंह को भारी पड़ गया था। सपा ने इसे अनुशासनहीनता मानते हुए ऋचा सिंह और रोली तिवारी मिश्र को निष्कासित कर दिया। ऋचा ने निष्कासन को पार्टी की महिला विरोधी मानसिकता करार दिया था।
ऋचा सिंह ने सपा सोशल मीडिया के प्रभारी मनीष जगन के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी और छेड़खानी का मुकदमा लखनऊ में दर्ज कराया था। ट्विटर पर मनीष ने ऋचा सिंह के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया था। जिस पर आपत्ति जाहिर करते हुए ऋचा ने मुख्यमंत्री और डीजीपी को पत्र भेजकर मनीष के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई थी। इसके बाद मनीष के खिलाफ कई धाराओं में केस दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *