महेन्द्र कुमार उपाध्याय/अनुराग लक्ष्य संवाददाता
अयोध्या,13 जनवरी। नगर विधायक अयोध्या वेद प्रकाश गुप्ता ने आज श्री राम चिकित्सालय अयोध्या में जाकर सैकड़ो मरीजों को निशुल्क कंबल वितरण किया, व प्रभु श्री राम से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। विधायक अयोध्या श्री गुप्ता आज अपने समर्थकों के साथ श्री राम चिकित्सालय पहुंचे और वहां भर्ती मरीजों को अपनी तरफ से निशुल्क कंबल वितरण किया। उन्होंने सभी के स्वस्थ लाभ की कामना के साथ नव वर्ष की बधाई देते हुए प्रभु श्री राम के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम की भी जानकारी दी। उन्होंने प्रभु श्री राम से सभी के शीघ्र स्वस्थ होने के साथ-साथ यह कहा कि जनपद अयोध्या में कोई भी निराश्रित गरीब इस कड़ाके की ठंड में कठिनाई में नहीं रहेगा। उनका प्रयास है कि जरूरतमंदों तक सर्दी से बचाव के अन्य उपायों के साथ कंबल व जगह-जगह अलाव जलाने की व्यवस्था सुव्यवस्थित ढंग से चलती रहे।उन्होंने आगामी 22 जनवरी को आयोजित श्री राम लला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह की जानकारी देते हुए बताया कि पूरे विश्व से इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गणमान्य अतिथि व साधु संत आ रहे हैं, हमें उनका पलक पांवड़े बिछाकर स्वागत करना है और जो भी व्यक्ति यहां पर आए उसे अतिथि देवो भव की कामना के साथ उसका अभिनंदन करना है। सभी लोग इस दिन को त्यौहार के रूप में मनाते हुए रामायण,हनुमान चालीसा का पाठ व पूजा अर्चन करके शाम को दिवाली के रूप में मनाए, अपने घरों को दीपों,झालरों से प्रज्वलित करें। नगर विधायक के इस प्रयास की सभी ने भूरी भूरी प्रशंसा करते हुए उनको बहुत आशीर्वाद दिया। निशुल्क कंबल प्रकार जरूरतमंदों के चेहरे खिल गए। इस अवसर पर उनके साथ बालकृष्ण वैश्य, वाई पी सिंह सीएमएस श्रीराम अस्पताल, राजकीय होम्योपैथिक के प्रदीप सर्मा, संदीप कुमार मिश्र, जितेन्द्र कुमार, भाजपा नेता घनश्याम अग्रहरि मौजूद रहे।