महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या७ जनवरी 22 जनवरी श्रीरामलला सरकार के प्राण- प्रतिष्ठा समारोह को लेकर अयोध्याधाम में तैयारियां जोर- शोर से चल रही है। शासन- प्रशासन से लेकर श्रीरामजन्भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप देने में लगा हुआ है। वहीं दूसरी तरफ श्रीरामलला के प्राण- प्रतिष्ठा समारोह में आने वाले संतों और भक्तों हेतु आवास-भोजन प्रसादी की व्यवस्था की जा रही है, जिसके लिए लोग बढ़-चढ़कर आगे आ रहे हैं। इसी कड़ी में रामनगरी के रामानंद नगर (बेगमपुरा) स्थित प्रतिष्ठित पीठ श्रीअवधबिहारी कुंज पीठाधीश्वर श्रीमहंत गणेश दास महाराज की तरफ से राजस्थान व अन्य प्रांतों से आने वाले श्रद्धालुओं हेतु आवास- भोजन प्रसादी की व्यवस्था की गई। जो आगामी 20 जनवरी से अवधबिहारी कुंज मंदिर प्रांगण में प्रारंभ हो जायेगी। इस अवसर पर अवधबिहारी कुंज पीठाधीश्वर श्रीमहंत गणेश दास महाराज ने कहा कि 22 जनवरी श्रीरामलला सरकार के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह को लेकर हम साधु-संत बहुत ही आनंदित हैं। पांच सौ वर्षों के लंबे संघर्षों बाद श्रीरामलला अपने दिव्य, नव्य एवं भव्य भवन में विराजमान होने जा रहे हैं। जो हम सबके लिए खुशी का पल है। जिस शुभ घड़ी की हम लोगों को सैंकड़ो वर्षों से प्रतीक्षा थी। वह 22 जनवरी को पूर्ण होने जा रही है। इस दिन देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भगवान श्रीरामलला को उनके नव्य, भव्य भवन में विराजमान करेंगे। यह समय उत्सव मनाने का है। श्रीमहंत ने बताया कि श्रीरामलला सरकार के प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव में विभिन्न प्रांतों से बड़ी संख्या में संत व श्रद्धालुगण अयोध्या आ रहे हैं। इस दरम्यान यहां आने वाले संतों श्रद्धालुओं को भोजन, आवास समेत अन्य किसी प्रकार की दिक्कत न हो। इसके लिए श्रीअवधबिहारी कुंज मंदिर प्रांगण में देश के विभिन्न प्रांतों से आने वाले संतों-रामभक्तों के लिए भोजन प्रसादी-आवास की व्यवस्था की गई है। मंदिर में वृहद अन्नक्षेत्र चलेगा।