बस्ती। 13 अक्टूबर उप जिला निर्वाचन अधिकारी/ एडीएम कमलेश चन्द्र बाजपेयी ने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य दर्ज कराए। कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित ना रहे। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची जितनी सही होगी, मतदान उतना ही शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकेगा। जनपद में विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत एकीकृत आलेख्य निर्वाचक नामावलियों का प्रकाशन 27 अक्तूबर को किया जाएगा। नौ दिसंबर तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त किए जाएंगे। इसके साथ ही चार, पांच, 25, 26 नवंबर और दो एवं तीन दिसंबर को विशेष अभियान की तिथियां निर्धारित की गयी है। 26 दिसबंर तक दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन पांच जनवरी 2024 को किया जाएगा। उपजिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि इस कार्य में निरंतर जनप्रतिनिधियों से संवाद करते रहें। सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि अपने बूथ लेबल एजेंट नियुक्त कर सूची निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध करा दें। उन्होंने कहा कि छूटे हुए पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराया जाए।