मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में 65 जोड़ों ने लिए सात फेरे वैवाहिक जीवन के बंधन में बंधे नवदंपति
विधायक कविंद्र अतुल चौधरी ने नवविवाहित जोड़ों को दिया आशीर्वाद सावित्री मैरिज हॉल में धूमधाम से संपन्न हुआ समारोह
कप्तानगंज (बस्ती)। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत सावित्री मैरिज हाल में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में 65 जोड़ों ने वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति रिवाजों के बीच सात फेरे लेकर एक दूसरे को जीवनसाथी के रूप में स्वीकार किया। विवाह समारोह में खुशियों और उत्साह का माहौल रहा। नवदंपतियों ने जीवनभर एक दूसरे का साथ निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कप्तानगंज विधायक कविंद्र अतुल चौधरी ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखमय एवं खुशहाल दांपत्य जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए बेहद महत्वपूर्ण योजना है। इसके माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों का विवाह सम्मानजनक ढंग से संपन्न कराया जा रहा है। समारोह में विवाह की सभी रस्में पारंपरिक रीति रिवाजों के अनुसार संपन्न कराई गईं। एक साथ 65 जोड़ों के वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत का यह आयोजन क्षेत्र में चर्चा का विषय रहा। परिजनों और उपस्थित लोगों ने नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष चंद्रप्रकाश समाज कल्याण अधिकारी आशा वर्मा ग्राम पंचायत सचिव ऋतुराज पांडे सचिव प्रिया सिंह, सचिव दृश्या सिंह सचिव सुमन सहित अन्य जनप्रतिनिधि गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्र के तमाम लोग मौजूद रहे। समारोह का माहौल उत्सवमय रहा और नवदंपतियों के चेहरों पर नई जिंदगी शुरू करने की खुशी दिखाई दी।