महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। सड़क दुर्घटना में घायल मिल्कीपुर विधानसभा के विधायक चंद्रभानु पासवान का कुशलक्षेम जानने के लिए अयोध्या जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि आलोक सिंह ‘रोहित’ ने लखनऊ स्थित मेदांता अस्पताल पहुंचकर उनसे मुलाकात की।
अस्पताल पहुंचे आलोक सिंह ‘रोहित’ ने विधायक चंद्रभानु पासवान से भेंट कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों से भी विधायक के उपचार और स्वास्थ्य में हो रहे सुधार के संबंध में बातचीत की। मुलाकात के दौरान उन्होंने ईश्वर से विधायक के शीघ्र पूर्ण स्वस्थ होने तथा उत्तम स्वास्थ्य लाभ की कामना की। उल्लेखनीय है कि विधायक चंद्रभानु पासवान हाल ही में एक सड़क दुर्घटना में घायल हो गए थे, जिसके बाद से मेदांता अस्पताल में उनका उपचार चल रहा है। उनके घायल होने की सूचना मिलने के बाद से ही क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों द्वारा उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की जा रही है।