राजन इंटरनेशनल एकेडमी में बाल मेले और विज्ञान प्रदर्शनी की रही धूम, बच्चों की प्रतिभा ने मोहा मन

राजन इंटरनेशनल एकेडमी में बाल मेले और विज्ञान प्रदर्शनी की रही धूम, बच्चों की प्रतिभा ने मोहा मन

 

पूर्व विधायक जय चौबे ने किया शुभारंभ, नन्हे वैज्ञानिकों के आकर्षक मॉडल बने दर्शकों के आकर्षण का केंद्र

 

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

 

बस्ती। राजन इंटरनेशनल एकेडमी, बस्ती में बाल दिवस के अवसर पर भव्य बाल मेले एवं विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन हर्षोल्लास और उत्साह के साथ किया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता, कल्पनाशीलता और वैज्ञानिक सोच का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों एवं दर्शकों का मन मोह लिया। विद्यालय परिसर में आयोजित बाल मेले में बच्चों द्वारा लगाए गए विभिन्न आकर्षक स्टॉल और स्वादिष्ट व्यंजनों के साथ विज्ञान प्रदर्शनी में प्रस्तुत किए गए मॉडल विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि बस्ती सदर के पूर्व विधायक दिग्विजय नारायण उर्फ जय चौबे एवं विशिष्ट अतिथि विद्यालय की प्रबंध निदेशिका श्रीमती शिखा चतुर्वेदी ने दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया। इसके बाद अतिथियों ने बाल मेले के विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और बच्चों द्वारा तैयार किए गए विज्ञान मॉडलों को देखा। बच्चों ने अपने-अपने मॉडल की कार्यप्रणाली और उपयोगिता के बारे में अतिथियों को विस्तार से जानकारी दी। नन्हे विद्यार्थियों की वैज्ञानिक समझ, मेहनत और आत्मविश्वास देखकर अतिथियों ने उनकी जमकर सराहना की।

बाल मेले में बच्चों ने विभिन्न प्रकार के व्यंजनों एवं रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मेले में अभिभावकों और आगंतुकों की भी अच्छी भागीदारी देखने को मिली। विद्यालय परिसर पूरे दिन उत्सव के माहौल से सराबोर रहा।

 

मुख्य अतिथि जय चौबे ने बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विज्ञान प्रदर्शनी बच्चों में जिज्ञासा, नवाचार और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने का बेहतर माध्यम है।

विद्यालय की प्रबंध निदेशिका शिखा चतुर्वेदी ने कहा कि बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के अवसर देना विद्यालय की प्राथमिकता है। ऐसे आयोजन बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ उनकी छिपी प्रतिभा को निखारने में सहायक होते हैं।