दीपावली पर पूर्व विधायक दयाराम चौधरी ने दी शुभकामनाएं, हर घर में खुशहाली और जीवन में बनी रहे मिठास
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। पांच दिवसीय प्रकाश पर्व दीपावली के पावन अवसर पर पूर्व विधायक दयाराम चौधरी ने क्षेत्रवासियों सहित समस्त जनपदवासियों को दीपावली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
अपने शुभकामना संदेश में उन्होंने कहा कि दीपावली का पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए। मां लक्ष्मी एवं भगवान श्री गणेश की कृपा प्रत्येक परिवार पर बनी रहे और हर घर में सुख-समृद्धि के दीप सदैव प्रज्वलित होते रहें।
पूर्व विधायक ने सभी के उत्तम स्वास्थ्य, उज्ज्वल भविष्य और निरंतर उन्नति की कामना करते हुए कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने का त्योहार नहीं, बल्कि अंधकार से प्रकाश, निराशा से आशा और बुराई से अच्छाई की ओर बढ़ने का संदेश देने वाला पर्व है।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि दीपावली का त्योहार आपसी प्रेम, भाईचारे, सौहार्द और उल्लास के साथ मनाएं तथा समाज में एकता एवं सद्भाव की रोशनी फैलाएं। उन्होंने कामना की कि हर व्यक्ति के जीवन में खुशियों की मिठास बनी रहे और आने वाला समय सभी के लिए मंगलमय एवं सुखद हो।