बस्ती में जिला स्तरीय मास्टर्स खेलों का महा मुकाबला, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
स्वस्थ नागरिक ही विकसित भारत की संकल्पना को साकार कर सकते हैं: राना दिनेश प्रताप सिंह
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। शहीद सत्यवान सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम बस्ती में रविवार को जिला स्तरीय मास्टर्स खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी खेल प्रतिभा और दमखम का प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेश मास्टर्स एथलेटिक्स एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष राना दिनेश प्रताप सिंह ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर राना दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही विकसित भारत की संकल्पना को साकार कर सकते हैं। खेल न केवल व्यक्ति को शारीरिक रूप से स्वस्थ रखते हैं, बल्कि समाज में सामाजिक समरसता, आपसी सद्भाव और एकता को भी बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि समाज में खेल और खिलाड़ियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विश्वास जताया कि 31 अक्टूबर और 1 नवंबर को लखनऊ विश्वविद्यालय में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में बस्ती के खिलाड़ियों की मजबूत उपस्थिति रहेगी।
प्रतियोगिता की 100 मीटर दौड़ के 30 वर्ष आयु वर्ग में राज कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि 40 वर्ष आयु वर्ग में विक्रम प्रताप सिंह ने बाजी मारी।
400 मीटर दौड़ के 30 वर्ष आयु वर्ग की पुरुष स्पर्धा में विवेक सिंह प्रथम रहे। महिला वर्ग में राज कुमारी सोनी ने पहला और सरोज देवी ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। 35 वर्ष आयु वर्ग में विजय दुबे ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि दिलीप शर्मा दूसरे स्थान पर रहे। 40 वर्ष आयु वर्ग में श्रुति अग्रहरि ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, 45 वर्ष आयु वर्ग में रमेश कुमार प्रथम और जितेंद्र सिंह गुड्डू दूसरे स्थान पर रहे। 50 वर्ष आयु वर्ग में चंद्रमणि मिश्र तथा 55 वर्ष आयु वर्ग में राकेश प्रसाद पाण्डेय ‘गुरु जी’ ने प्रथम स्थान हासिल किया।
भाला फेंक (जेवलिन थ्रो) की 45 वर्ष आयु वर्ग की स्पर्धा में विक्रम प्रताप सिंह ने प्रथम और रमेश कुमार ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। 50 वर्ष आयु वर्ग में विजय कुमार श्रीवास्तव प्रथम रहे। चक्का फेंक (डिस्कस थ्रो) में भीमसेन सिंह ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि राजेश सिंह दूसरे स्थान पर रहे।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बना। आयोजन का उद्देश्य वरिष्ठ आयु वर्ग के खिलाड़ियों को खेल के प्रति प्रोत्साहित करना तथा उन्हें जिला और राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करना रहा।
इस अवसर पर राजेश त्रिपाठी, देवेश धर द्विवेदी, राजन उपाध्याय, पिंकू पाल, रणजीत सिंह, कैलाश मोहन श्रीवास्तव, सुधीर सिंह सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।