महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े का शनिवार को रामनगरी अयोध्या आगमन हुआ। अयोध्या पहुंचने पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। अयोध्या वासियों, भाजपा पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं की ओर से जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह एवं उनके प्रतिनिधि आलोक कुमार सिंह ‘रोहित’ ने भाजपा राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े का भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने राष्ट्रीय महासचिव को हनुमान जी की प्रतिमा भेंट कर सम्मान व्यक्त किया। विनोद तावड़े ने इस आत्मीय स्वागत के लिए जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह और उनके प्रतिनिधि आलोक सिंह रोहित की सराहना की।
अयोध्या आगमन के बाद विनोद तावड़े ने श्रीराम मंदिर पहुंचकर प्रभु श्रीरामलला के दर्शन-पूजन किए। इसके पश्चात वे पार्टी की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठकों में शामिल होने के लिए रवाना हुए।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वे जिला प्रभारियों और जिलाध्यक्षों के साथ बैठक कर संगठन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करेंगे। इसके बाद अवध क्षेत्र के पदाधिकारियों के साथ एक क्षेत्रीय बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें कार्यसमिति के सदस्य, सभी मोर्चों के अध्यक्ष तथा अवध क्षेत्र में निवास करने वाले प्रदेश स्तर के पदाधिकारी सहभागिता करेंगे। इन बैठकों के माध्यम से संगठन की आगामी रणनीतियों और आगामी कार्यक्रमों की समीक्षा की जाएगी।