01 नवंबर को लोहिया भवन, अम्बेडकरनगर में आयोजित होगा वृहद विधिक साक्षरता एवं सेवा शिविर
*अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की*
*सभी विभागों को योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर पात्र लाभार्थियों का पूर्व पंजीकरण एवं लाभ वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश*
अम्बेडकरनगर। कार्यपालक अध्यक्ष, राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशों के क्रम में आमजन को विधिक रूप से सशक्त बनाने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से 01 नवंबर 2026 को लोहिया भवन, अम्बेडकरनगर में वृहद विधिक साक्षरता एवं सेवा शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर की तैयारियों के संबंध में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) ने जिला विकास अधिकारी की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि अपने-अपने विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए अधिकाधिक पात्र लाभार्थियों को चिह्नित कर उनका पंजीकरण शिविर से पूर्व सुनिश्चित करें, ताकि शिविर के दिन उन्हें योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा सके। साथ ही, विभागीय स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी देने तथा पात्र व्यक्तियों को विधिक सेवाओं एवं कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करने के लिए आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।उन्होंने विशेष रूप से निर्बल वर्ग, दिव्यांगजन, बच्चे, महिलाएं, निर्धन व्यक्ति, असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शिविर को सफल बनाने तथा अधिकाधिक पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए।