मिशन शक्ति के तहत 22 सुखी दंपतियों का सम्मान, परिवार परामर्श केंद्र ने आयोजित किया संवाद कार्यक्रम
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती । मिशन शक्ति अभियान फेज-6 के अंतर्गत महिला थाना परिसर में परिवार परामर्श केंद्र द्वारा 22 सुखी दंपतियों के सम्मान एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पारिवारिक सौहार्द को बढ़ावा देना और काउंसिलिंग के माध्यम से सुलह-समझौते के बाद सुखद वैवाहिक जीवन व्यतीत कर रहे दंपतियों को प्रोत्साहित करना रहा।
पुलिस अधीक्षक बस्ती के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में परिवार परामर्श केंद्र द्वारा पूर्व में पारिवारिक विवादों के मामलों में काउंसिलिंग कर सुलह-समझौता कराने वाले 22 दंपतियों को आमंत्रित किया गया। महिला थाना परिसर में सभी जोड़ों का पुष्प-गुच्छ देकर स्वागत किया गया।
इस दौरान प्रभारी निरीक्षक महिला थाना ने दंपतियों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर उनके वैवाहिक जीवन का हाल जाना और फीडबैक लिया। सभी 22 दंपतियों ने बताया कि सुलह-समझौते के बाद उनका वैवाहिक जीवन सुखद एवं शांतिपूर्ण चल रहा है। उन्होंने परिवार परामर्श केंद्र के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि अब उनके बीच किसी प्रकार का मनमुटाव या विवाद नहीं है और वे अपने परिवार के साथ खुशी से जीवन व्यतीत कर रहे हैं।
कार्यक्रम के समापन पर प्रभारी निरीक्षक महिला थाना एवं टीम द्वारा सभी दंपतियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही उनके सुखद भविष्य एवं उत्तरोत्तर प्रगति की कामना की गई।
इस अवसर पर महिला हेड कांस्टेबल शांति यादव, प्रीति गुप्ता, बीनू सिंह, महिला कांस्टेबल एकता सिंह तथा काउंसलर रमेश चंद्र श्रीवास्तव सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।